नानक चंद्र त्रिपाठी
मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। शुक्रवार की दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर प्राणघातक हमला करने वाले को मुंगरा पुलिस ने शनिवार को घटना की विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर मधुपुर के निकट गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण राय ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया कि शुक्रवार को रोहियांव (मधुपुर) गांव में घटित घटना की जांच के लिए निरीक्षक श्याम दास वर्मा हमराही कां. आनन्द प्रकाश व देव नरायण के साथ रोहिंयांव जाकर जांच-पड़ताल कर रहे थे। इस बीच मुखबिर ने सूचना दी कि घटना से सम्बन्धित अभियुक्त अयोध्या प्रसाद गौतम निवासी रोहियांव मधुपुर की ओर से गांव की ओर आ रहा है। पुलिस टीम तुरंत सक्रिय होकर मधुपुर की ओर रवाना हो गयी।
पुलिस को आता देख अभियुक्त मेड़ के रास्ते भागने का प्रयास किया। पुलिस ने उसे दौड़ा लिया। भागने के दौरान अभियुक्त मेड़ पर फिसल कर गिर गया। जब तक वह उठकर भाग पाता पुलिस ने उसे घेर कर दबोच लिया।
पुलिस की पूछताछ में उसने अपना आरोप कबूल करते हुए घटना में प्रयुक्त खूनजदा चाबुक भी बरामद करा दिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त अयोध्या प्रसाद के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया।