• जगह-जगह सम्मानित कर विदुषी का बढ़ाया जा रहा हौसला

जौनपुर। त्रिलोचन बाजार निवासिनी विदुषी वर्मा का चयन वाराणसी में आयोजित जी टीवी पर प्रसारित होने वाले बहुचर्चित म्युजिक रियलटी शो सा रे गा मा पा लिटिल चैंप्स के ऑडिशन में हो गया। इस नन्ही सी बच्ची का हौसला बढ़ाने के लिये जगह-जगह अभिनन्दन समारोह आयोजित कर विशिष्ट जन उसका हौसला बढ़ा रहे है। लोगों को उसकी मेहनत और काबिलियत पर भरोसा है। उनका कहना है कि जल्द विदुषी की मधुर आवाज पूरे देश के लोग सुनेंगे।
वाराणसी में करीब एक सप्ताह पूर्व आयोजित ऑडिशन में पूर्वांचल के विभिन्न जिलों के बच्चों प्रतिभाग किया था, जहाँ पर उसका चयन हुआ। ऑक्सफ़ोर्ड पब्लिक स्कूल, फूलपुर की 11 वर्षीय छठवीं कक्षा की छात्रा विदुषी वर्मा का चयन 24 नवम्बर को दिल्ली में आयोजित दूसरे चक्र में हुआ है। विदुषी के पिता विनय वर्मा पेशे से अध्यापक है। विदुषी के चयनित होने पर ब्लॉक प्रमुख संदीप सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि यह हमारे जनपद के लिए गौरव की बात है।
अपने माता-पिता के साथ सा.रे.गा.मा.पा. में चयनित बाल गायिका विदुषी वर्मा।

आॅक्सफ़ोर्ड पब्लिक स्कूल के प्रबंधक संजीव सिंह के नेतृत्व में विद्यालय परिवार ने विदुषी को सम्मानित किया। वाराणसी में सेतु संस्था के सलीम राजा व प्रतिमा सिन्हा ने विदुषी से विशेष रूप से बातचीत की और उनके अब तक के अनुभव को साझा किया। साथ ही साथ विदुषी को कुछ विशेष महत्वपूर्ण सलाह दी। सेतु संस्था के सलीम राजा ने विदुषी को अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया गया। विदुषी ने इसका श्रेय अपने प्रेरणास्रोत व मार्गदर्शक वाराणसी के संगीत गुरू अमित त्रिवेदी, पीयूष मिश्रा, पं. सूर्यप्रकाश मिश्रा (बल्ला गुरू) तथा सारेगामापा रंग पुरवईया के विजेता सुजीत गौतम को बताया। वर्तमान में वह संगीत की शिक्षा सुप्रसिद्घ शास्त्रीय संगीत गायिका सुचरिता गुप्ता से ले रही है। विदुषी अपना आदर्श लता मंगेश्कर, कौशिकी चक्रवर्ती को मानती है। ज्ञात हो कि विदुषी के बड़े चाचा अनुराग वर्मा त्रिलोचन व्यापार मंडल के अध्यक्ष हैं व दूसरे चाचा चन्दन सेठ भोजपुरी फिल्मों के अभिनेता हैं।
देश और विदेश में अपनी मधुर आवाज़ से जनपद का नाम करे बिटिया
विदुषी की मां सुमन देवी ने बताया कि हर मां-बाप की तरह उनकी भी ख्वाहिश है कि विदुषी अपने गायिकी से जिले का नाम देश-विदेश में करे। विदुषी का अभी हाल ही में दो भजन संग्रह "राम नाम का अमृत पी ले" और "हे गणेश देवा" को बहुत सराहा गया। विदुषी कई बड़े मंचों पर अपनी प्रस्तुति दे चुकी है। पंकज सिन्हा, शैली गगन, चंद्रेज दुबे, आशीष माली, हरदेव मिश्रा, संतोष मिश्रा, रामचंद्र सिंह, विनय अकेला, डाॅ. रमेश चन्द यादव, शिव चन्द, कृष्ण कुमार वर्मा यादव, श्रीराम यादव आदि ने ने बधाई देते हुए इनके उज्जवल भविष्य की कामना की।