सिकरारा, जौनपुर। प्राथमिक विद्यालय बथुआवर में चाचा नेहरू के जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव और विशिष्ट अतिथि के रूप में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह व पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक सुशील उपाध्याय की उपस्थिति में बच्चों ने केक काटकर पंडित जवाहरलाल नेहरू का जन्मदिवस मनाया। इस दौरान डायट प्राचार्य ने विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संयुक्ता सिंह द्वारा लगाए गए टीएलएम मेले की तारीफ की।

डायट प्राचार्य राजेश श्रीवास्तव ने कहा कि बच्चों के अंदर ढेर सारी प्रतिभाएं छिपी है। केवल उनको निखारने की आवश्यकता है। उन्होंने उपस्थित अभिभावकों से कहा कि बच्चे ज्यादातर समय तक आपके बीच में ही रहते हैं जिससे उनके प्रति अभिभावकों की जिम्मेदारी ज्यादा है। उनको भी बच्चों के प्रति अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन करने की आवश्यकता है। बच्चों को भी चाचा नेहरू की कर्तव्यनिष्ठा और कार्यकुशलता के बारे में बताते हुए उनके अच्छे कार्यों के अनुसरण की बात कही।
प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि बच्चों में आज के दिन बाल दिवस का उत्साह देखते ही बनता है। बच्चों में हमेशा इसी तरह से खेलकूद की गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण व्यवस्था ही दिया जाना चाहिए जिससे ये विद्यालय में प्रसन्नचित्त माहौल में शिक्षण कर सकें।

पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला संयोजक सुशील उपाध्याय ने कहा कि पिछले 2—3 वर्षों से इस विद्यालय के शैक्षिक व भौतिक परिवेश में बहुत सुधार हुआ है जिसके लिए विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संयुक्ता सिंह व विद्यालय के शिक्षक बधाई के पात्र है।
इस अवसर पर रवि मिश्र, डॉ. संतोष सिंह, रीनू मौर्या, श्री प्रकाश राय, विनय यादव, सुषमा यादव आदि उपस्थित रहे। संचालन एनपीआरसी चंद्र प्रकाश उपाध्याय व आभार विद्यालय की प्रधानाध्यापिका संयुक्ता सिंह ने व्यक्त किया।