• राजस्थान चुनाव में कांग्रेस नेता अजय को मिली बड़ी जिम्मेदारी
नानक चंद्र त्रिपाठी
  जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर क्षेत्र के प्रेम का पूरा निवासी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं मुंगराबादशाहपुर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अजय शंकर दुबे ने रविवार को कहा कि आगामी दिसम्बर माह में होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ धमाकेदार वापसी करते हुये राज्य में सरकार बनाने जा रही है।
अजय शंकर दूबे
सदस्य अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विश्वनाथ गुप्ता के आवास पर पत्रकारों से वार्ता करते हुये श्री दुबे ने कहा कि केन्द्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चल रही सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है। अनेक राज्यों में बनी भाजपा सरकारों से भी जनता का मोहभंग होता जा रहा है। भाजपा के दुष्प्रचार से भ्रमित जनता ने जिस प्रकार मोदी सहित भाजपा पर अपना विश्वास व्यक्त करते हुये केन्द्र सहित लगभग 20 राज्यों में भाजपा की सरकारें बनायी है, सरकारें जनता के आशा एवं विश्वास पर खरी उतरने में नाकाम साबित हुई हैं।
उन्होंने कहा की भाजपा की कार्यप्रणाली से रूष्ट आक्रोशित जनता कांग्रेस की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रही है। उन्होंने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा उन्हें राजस्थान चुनाव में भीलवाड़ा जनपद का प्रभारी बनाये जाने पर आभार जताते हुये कहा कि वह पूरे जी-जान से लगकर उनके द्वारा सौंपी गयी जिम्मेदारी का बखूबी निर्वहन करेंगे।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य विश्वनाथ गुप्ता, युवक कांग्रेस के प्रदेश सचिव अभिषेक शुक्ला, सौरभ तिवारी, ब्रह्मदेव दुबे सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।