जौनपुर। जिले के सुजानगंज के पुरानी बाज़ार स्थित मंदिर से अष्टधातु की मूर्ति सहित कुल तीन मूर्ति शनिवार की रात में चोर उठा ले गए। रविवार की सुबह जब लोगों ने मंदिर का ताला टूटा देखा तो हड़कंप मच गया।

सुजानगंज बाजार में राधा कृष्ण मंदिर है। शनिवार की रात चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर कृष्ण की अष्टधातु की मूर्ति, सोने का मुकुट, दो पीतल की मूर्ति तथा एक सोने की नथिया उठा ले गए। मूर्ति की कीमत लगभग एक करोड़ रुपए बताई गई। लोगों का कहना है कि 150 वर्ष पुरानी मूर्ति थी। प्रतिदिन की भांति श्यामलाल पुत्र रामनाथ सुबह जब पांच बजे मंदिर पहुंचे तो देखा कि मंदिर का दरवाजा खुला था लेकिन परदा बंद था। जब परदा हटाया तो देखा कि श्री कृष्ण की अष्टधातु की मूर्ति सहित कुल तीन मूर्ति गायब थी। जिसे देख वे स्तब्ध रह गए और बाजारवासियों को बुलाकर चोरी की जानकारी दी।
लोगों ने पुलिस को फोन कर सूचना दी। मौके पर पुलिस पहुंचकर छानबीन में जुट गयी। सूचना पर डॉग स्क्वायड भी आ गया। इधर उधर घूमने के बाद मंदिर से पश्चिम दिशा में करीब पांच सौ मीटर दूर गया लेकिन फिर वापस आ गया। कुछ स्पष्ट निष्कर्ष नहीं निकल सका। मूर्ति की कीमत एक करोड़ से अधिक बताई जा रही है। थानाध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। छानबीन की जा रही है। जल्द ही आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया जायेगा।