जौनपुर। सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन मछलीशहर तहसील में जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर आवास, राशन कार्ड, जमीन विवाद, रास्ता, मण्डी परिषद, आपूर्ति, शिक्षा, मत्स्य, जिला पंचायत, विद्युत, सड़क सम्बन्धित शिकायतें आई। जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारी को तत्काल निस्तारित करने का निर्देश दिया।
उक्त समाधान दिवस में 106 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए जिसमें मौके पर 10 का निस्तारण किया गया। शेष प्रार्थना पत्रों को सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों को उपलब्ध कराते हुए निर्देेशित किया गया कि 15 दिवस के अन्दर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।
जौनपुर के मछलीशहर तहसील में शिकायतों को सुनते जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी।
इस समाधान दिवस में राजस्व विभाग एवं वरासत दर्ज किये जाने की अधिक शिकायतें प्राप्त हुई है जिस पर जिलाधिकारी ने सम्बन्धित अधिकारियों को हिदायत देते हुए निर्देशित किया कि 15 दिवस के अन्दर शिकायती प्रार्थना पत्र का निस्तारण करें। यदि समय से निस्तारण नहीं किया गया तो सम्बन्धित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इसी प्रकार अन्य तहसीलों में भी सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में किया गया। जिसमें तहसील सदर में 55 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए मौके पर 10 का निस्तारण हुआ। तहसील शाहगंज में 107 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिसमें 14 का निस्तारण हुआ। केराकत में 149 प्रार्थना पत्र में 09 का निस्तारण, बदलापुर में 134 प्रार्थना पत्र में 01 का निस्तारण, तहसील मड़ियाहूं में 108 प्रार्थना पत्र में 9 का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक दिनेश पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी गौरव वर्मा, सीएमओ डा. रामजी पाण्डेय, उप जिलाधिकारी जयनारायण सचान, पुलिस क्षेत्राधिकारी अवधेश कुमार शुक्ला, डीडीओ दयाराम, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी विरेन्द्र सिंह आदि उपस्थित रहे।