जौनपुर। खेतासराय के गुरदौली गांव में रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर हुए बवाल के मामले में सोमवार को पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर 11 नामजद और 30 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों के पास से देसी तमंचा भी बरामद किया। पुलिस ने दोनों पक्षो के 6 लोगों को गिरफ्तार कर चालान न्यायालय भेज दिया।

रविवार को पुरानी रंजिश को लेकर गुरदौली गांव में विवेकराजभर और दुर्गेश यादव के बीच विवाद हो गया था। मामला बढ़ने पर दोनों पक्षों से दर्जनो लोग इकट्ठा होकर जमकर ईंट पत्थर चले थे। दोनों पक्षों से हवाई फायरिंग के भी आरोप लगे थे। सोमवार को थानाध्यक्ष ने मामले में कारवाई करते हुए अमरेथुआ निवासी विवेक राजभर की तहरीर पर दुर्गेश, शशिकांत पिंटू, अजय, अंकित, दशरथ यादव निवासी गुरदौली और भरथरी ग्राम प्रधान गुरदौली व अन्य 15 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। नामजद आरोपियों में से दुर्गेश व दशरथ यादव निवासी गुरदौली की गिरफ्तारी हुई है।
वहीं दूसरे पक्ष से दुर्गेश यादव की तहरीर पर विवेक राजभर, विनय, विनेश, प्रदीप, केदार सभी निवासी अमरथुआ व चन्द्रशेखर ग्राम प्रधान अमरथुआ पर नामजद व 15 अन्य अज्ञात पर मुक़दमा दर्ज किया गया है। इसी पक्ष के दो आरोपियों के पास से देसी तमंचा बरामद होने पर प्रदीप व विनेश के खिलाफ 25 आर्म्स एक्ट भी लगाया गया है। पुलिस ने इस पक्ष के 4 नामजद  आरोपियों विवेक, विनय, वीनेश व प्रदीप गिरफ्तार कर लिया।