जौनपुर। विजय दशमी (दशहरा) पर्व के अवसर पर परंपरागत ढंग से शुक्रवार को राजा जौनपुर की हवेली में राजा अवनींद्र दत्त दूबे ने शस्त्र पूजन किया। इसके बाद हवेली से राजा साहब के पोखरे के लिये शाही सवारी निकली।

शाही सवारी हवेली से निकलकर रासमण्डल, मानिक चौक, सिपाह होते हुए राजा साहब के पोखरे पर पहुंची। परम्परा के अनुसार जुलूस में आगे—आगे घोड़ा चल रहा था। राजा अवनींद्र दत्त दूबे खुली गाड़ी में चल रहे थे। उनके पीछे गाड़ियों का काफिला भी चल रहा था। राजा अवनींद्र दत्त दूबे काफिले के साथ पोखरे पर पहुंचे। जहां उनकी उपस्थिति में रावण का दहन किया गया। 

इसके बाद उन्होंने चिश्ती बाबा के दरगाह में चादरपोशी किया। वहां से निकलने के बाद पोखरे के पास शमी पूजन किया। विजय दशमी मेला को लेकर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। गांव-गांव से लोग मेला देखने के लिए आए। महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में काफी संख्या में लोगों की भीड़ रही।