बदलापुर, जौनपुर। स्थानीय कस्बे में जगह-जगह नवरात्रि के अवसर पर मां दुर्गा की प्रतिमा सजाई गई थी। शुक्रवार को नवरात्रि के समापन के दौरान प्रतिमाओं का विसर्जन करने के लिए ले जा रहे थे। इस दौरान मूर्ति गिरने से हड़कंप मच गया।

बदलापुर बाजार में सजी दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन करने के लिए ढोल बाजे के साथ नाचते गाते भक्तजन माता की विदाई करने में जुटे हुए थे। मूर्ति को टैक्ट्रर पर सजाकर क्षेत्र में भ्रमण करा रहे थे। उसी दौरान सड़कों पर खींची बिजली की तार मूर्ति के ऊपरी छोर में फंस गई जिससे मूर्ति पूरी तरह झुक गई। मूर्ति के पास दर्जनभर से ज्यादा बच्चे मां के जयकारे लगाने में मस्त थे। मूर्ति गिरने से बच्चे पूरी तरह डर गए। भक्तजनों ने दौड़कर मां दुर्गा की प्रतिमा को कड़ी मशक्कत के बाद उठाया। बच्चों को सही सलामत ट्रैक्टर से नीचे उतारा।