जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के गोमती नदी के गोपी घाट के पास से शुक्रवार को लापता पांच वर्षीय बालक का तीसरे दिन भी पता नहीं चल सका। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं। पीडि़त परिवार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है।

चहारसू चौराहा निवासी विकास गुप्ता की पत्नी लक्ष्मीना गुप्ता अपने पांच वर्षीय पुत्र विशाल और घर के अन्य सदस्यों के साथ दशहरा के दिन गोमती नदी में नहाने के लिए गोपी घाट पर गई थी। उन्होंने विशाल को नहला कर बाहर चबूतरे पर बैठा दिया और खुद नहाने के लिए नदी में गई।
थोड़ी ही देर में वह नदी से निकल कर बाहर आई तो बेटे को न पाकर शोर मचाया। इसी दौरान किसी ने बताया कि बालक को एक महिला के साथ जाते देखा गया। पूरे शहर में खोजबीन हुई लेकिन बालक का पता नहीं चला। पीड़ित की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है। परिजन किसी अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।