जौनपुर: धूं-धूं कर जला रावण का पुतला, धूमधाम से मना दशहरा | #AAPKIUMMID
AAP KI UMMID | For Advertising Contact- 8081732332
जौनपुर। जिले में शहर से ग्रामीणांचल तक विजय दशमी (दशहरा) का पर्व शुक्रवार को बड़े धूमधाम से मनाया गया। बुराई के प्रतीक रावण का पुतला दहन किया गया। रावण के दहन होने के बाद जयश्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। दशहरा पर्व के अवसर पर शहर में राजा साहब के पोखरे पर मेला का आयोजन किया गया। राजा अवनींद्र दत्त दूबे की उपस्थिति में रावण का पुतला दहन किया गया।
वहीं जेसीज चौराहा पर आयोजित विजय दशमी में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान जी का शोभायात्रा गाजे बाजे के साथ निकाला गया। इसके बाद राम व रावण युद्ध के मंचन के बाद राम ने रावण का वध किया। इसके बाद रावण का पुतला दहन हुआ। इस मौके पर मेला देखने के लिए भारी संख्या में भीड़ उमड़ी रही। इसके अलावा सिकरारा, बदलापुर, शाहगंज, केराकत, मछलीशहर, मुंगराबादशाहपुर, मड़ियाहूं में विजय दशमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया।
शुक्रवार को राजा जौनपुर की हवेली में राजा अवनींद्र दत्त दूबे ने शस्त्र पूजन किया। इसके बाद हवेली से राजा साहब के पोखरे के लिये शाही सवारी निकली। शाही सवारी हवेली से निकलकर रासमण्डल, मानिक चौक, सिपाह होते हुए राजा साहब के पोखरे पर पहुंची। परम्परा के अनुसार जुलूस में आगे—आगे घोड़ा चल रहा था। राजा अवनींद्र दत्त दूबे खुली गाड़ी में चल रहे थे। उनके पीछे गाड़ियों का काफिला भी चल रहा था।
राजा अवनींद्र दत्त दूबे काफिले के साथ पोखरे पर पहुंचे। जहां पर उनकी उपस्थिति में रावण का दहन किया गया। इसके बाद चिश्ती बाबा के दरगाह में चादरपोशी किया। वहां से निकलने के बाद पोखरे के पास शमी पूजन किया। विजय दशमी मेला को लेकर सुबह से ही उत्सव जैसा माहौल रहा। गांव—गांव से लोग मेला देखने के लिए आए। महिलाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। मेले में काफी संख्या में लोगों की भीड़ रही।
सिकरारा प्रतिनिधि के अनुसार, खानापट्टी में ऐतिहासिक मेला का आयोजन किया गया। मेले में आतिशबाजी हुई। भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, मां सीता और हनुमान जी की आकर्षक शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद रावण का पुतला दहन किया गया। जयश्रीराम के जयकारे से पूरा क्षेत्र गूंजायमान हो उठा। मेले में दूर—दूर से आए लोगों की भारी भीड़ रही।