जौनपुर। माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को शिक्षक महासंघ की बैठक सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज में हुई। जिसमें पुरानी पेंशन बहाली हेतु 02 अक्टूबर को प्रदेश भर में निकलने वाले कैंडिल मार्च की तैयारी पर चर्चा परिचर्चा की गई।
बैठक को सम्बोधित करते हुए माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश सिंह ने कहा कि पेंशन हमारा अधिकार है। जनपद के समस्त माध्यमिक शिक्षकों से आह्वान किया कि 02 अक्टूबर को सायं 04 बजे बीआरपी इंटर कालेज से निकलने वाले कैंडिल मार्च में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचे।

उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अमित सिंह ने कहा कि पेंशन बुढ़ापे की लाठी है। इसमें सभी संगठनों को एकजुटता दिखाकर एक साथ लड़ने की जरूरत है। उन्होंने जनपद के समस्त प्राथमिक शिक्षकों से आह्वान किया कि 2 अक्टूबर को निकलने वाले कैंडल मार्च में सम्मिलित होकर पुरानी पेंशन बहाली के इस आंदोलन को सफल बनायें।
पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि पुरानी पेंशन मात्र एक मांग नहीं बल्कि हम सभी शिक्षकों का एक संकल्प है जिसको हम लोग लेकर रहेंगे। साथ ही आश्वस्त किया कि 02 अक्टूबर को जनपद के पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ के समस्त शिक्षक कैंडल मार्च में सम्मिलित होंगे। सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के जनपदीय अध्यक्ष अरुण सिंह और उपाध्यक्ष अतुल दुबे ने बैठक में आश्वस्त किया कि सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के प्रत्येक शिक्षक इस कैंडल मार्च में सम्मिलित होंगे। क्योंकि पुरानी पेंशन हमारा हक है। इसके लिए सभी शिक्षक हर संघर्ष को तैयार हैं।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ के मंडल अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश सिंह तथा जनपदीय अध्यक्ष कुमैल हैदर ने कहा कि कैंडल मार्च में हमारे संगठन के सभी साथी उपस्थित होंगे।
बैठक को माध्यमिक शिक्षक संघ के पूर्व अध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह, पूर्व मंत्री सुधाकर सिंह तथा प्राथमिक शिक्षक संघ के जनपदीय उपाध्यक्ष राजेश सिंह "टोनी" एवं जिला संगठन मंत्री संतोष सिंह बघेल, संयुक्त मंत्री शैलेंद्र सिंह, सरोज सिंह अध्यक्ष बक्शा, जिलामंत्री मनीष सिंह सोमवंशी ने सम्बोधित किया। इस अवसर पर राकेश सिंह, अमरेंद्र सिंह, सरोज सिंह, उमेश यादव, दिनेश मौर्य, जय प्रकाश चौबे, अवनींद्र सिंह, संतोष तिवारी, अर्चना सिंह, रेखा यादव, विष्णु शंकर आदि उपस्थित रहे।