• प्रभारी मंत्री ने विभिन्न सुविधाओं का किया उद्घाटन

  जौनपुर। जिले की प्रभारी मंत्री महिला कल्याण, परिवार कल्याण, मातृ एवं शिशु कल्याण एवं पर्यटन प्रो. रीता बहुगुणा जोशी ने अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में बने डीलक्स शौचालय का फीता काटकर उद्घाटन किया तथा सचल चिकित्सालय को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
  प्रभारी मंत्री प्रो. जोशी ने कहा कि जौनपुर की धरती उपजाऊ धरती है। जिसने अनेकों राजनेता, व्यवसायी, वैज्ञानिक दिये हैं। ज्ञान प्रकाश सिंह के द्वारा जो कार्य किया गया है यह उन लोगों के लिए आदर्श बनेगा जो जिले से बाहर गए और करोड़पति बने लेकिन जिले को भूल गए। ऐसा शौचालय बहुत ही कम जगह पर मिलेगा। उन्होंने कहा कि सुविधाओं का निर्माण कराना तो आसान होता है लेकिन संचालन आसान नहीं होता।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति बहुत ही गम्भीर हैं। शासन द्वारा जन औषधि केन्द्रों के द्वारा सस्ती दर पर दवाएं उपलब्ध करायी जा रही है। प्रदेश में लगभग 1000 जन औषधि केंद्र खोले गए हैं तथा करीब डेढ़ सौ एंबुलेंस इमरजेंसी के लिए चलाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि 17 सितम्बर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयुष्मान भारत लांच करने जा रहे हैं। एनआरएचएम के अन्तर्गत 100 शैय्या महिला प्रसूति एवं बाल चिकित्सालय लागत रुपए 1955.21 लाख का फीता काटकर उद्घाटन किया।
  शौचालय का निर्माण श्रीमती अमरावती श्रीनाथ सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा किया गया है जिसकी लागत रुपए 12 लाख है। सचल चिकित्सालय की लागत रूपए 15 लाख है। इसमें श्रीमती अमरावती श्रीनाथ चौरिटेबल ट्रस्ट के द्वारा सुविधा प्रदान की जाएगी। ट्रस्ट के द्वारा ही डॉक्टर से दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी जिसमें प्रतिमाह दो लाख का खर्चा आएगा।
  नगर विकास राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि शौचालय एवं सचल चिकित्सालय से पूरे जिले के लोगों को सुविधा मिलेगी। चैरिटी के द्वारा बड़ा ही नेक काम किया गया है। गरीबों को सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग दिया गया है। उन्होंने समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह से अनुरोध किया है कि आप इसी तरह नेक काम में सहयोग देते रहें और जिले का नाम रोशन करते रहे।
  पूर्व विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में पैसे तो बहुत लोगों के पास है लेकिन कुछ लोग ही ऐसे हैं जो समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। जिले से न जाने कितने लोग बाहर गए और वहां पर करोड़पति हो गए लेकिन जिले में फिर कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। ज्ञान प्रकाश सिंह जैसे लोगों से प्रेरणा लेते हुए उन्हें भी अपने जिले के लिए इस तरह के कार्य करने चाहिए। समाजसेवी ज्ञान प्रकाश सिंह ने कहा कि इस अस्पताल से हमारा पुराना सम्बन्ध है। अगर सरकार का सहयोग मिला तो वे सारी सुविधाएं मेरे द्वारा उपलब्ध करायी जायेगी जो अभी तक नहीं है। भविष्य में जिले के विकास के लिए अपना सहयोग देता रहूंगा। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सीमा द्विवेदी, टीडी कालेज के प्रबन्धक अशोक सिंह, विनोद राय, विनय सिंह, रमेश सिंह, डा. डीआर सिंह, राजेश सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
  इस अवसर पर विधायक जफराबाद डा. हरेन्द्र प्रसाद सिंह, बृजेश सिंह ’प्रिंसू’, दिनेश सिंह ’बब्बू’, विरेन्द्र सिंह एडवोकेट, प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष अमित सिंह आदि उपस्थित रहे। संचालन रतन सेन सिंह ने किया।