बदलापुर, जौनपुर। कांग्रेसियों ने लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोज-डीजल के बढ़ते दाम को लेकर सोमवार को नगर पंचायत बदलापुर में भ्रमण करते हुए सभी दुकानों को बंद करवाया। केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा कि लोगों को महंगाई कम करने का वादा कर सत्ता पर सरकार काबिज़ किया। जबकि लगातार महंगाई बढ़ रही है। जनता परेशान है लेकिन, सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। कांग्रेस की सरकार में पेट्रोलियम पदार्थ का रेट एक दायरे में था। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास करने के बजाए तिजोरी भरने का काम कर रही है। नगर पंचायत में भ्रमण करते हुए कांग्रेसियों ने आम लोगों और व्यापारियों से बंद में समर्थन मांगा। अच्छे दिनों का वादा करके सत्ता में आई भाजपा ने देश को डुबाने और आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया है। अबकी चुनाव में इस सरकार को उखाड़ फेंकना होगा। बदलापुर के व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर कांग्रेसियों का पूर्ण समर्थन किया। नगर पंचायत में भ्रमण के बाद प्रदर्शनकारियों ने इंदिरा गांधी चौक पर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। फिर तहसील परिसर में पहुंचकर उप जिलाधिकारी रमापति बिंदु को ज्ञापन सौंपते हुए महंगाई पर रोक लगाने की मांग की।