जौनपुर। मछलीशहर नगर के एक मैरिज हाल में भारी गहमा-गहमी के बीच महासमिति मछलीशहर का चुनाव हुआ जहां स्थानीय नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष संजय जायसवाल को सर्वसम्मति से महासमिति का अध्यक्ष चुना गया।
जौनपुर के मछलीशहर में महासमिति का अध्यक्ष चुने जाने
पर चुनाव कार्यक्रम को सम्बोधित करते पूर्व चेयरमैन संजय जायसवाल।
इस मौके पर एकत्रित दो दर्जन से अधिक दुर्गा पूजा पण्डाल समितियों, सजावट कमेटियों, चौकी समितियों के पदाधिकारियों ने एक स्वर में महासमिति के कार्यकारी अध्यक्ष संजय जायसवाल को पूर्ण रूपेण अध्यक्ष चुना। हालांकि अध्यक्ष पद के लिये पूर्व अध्यक्ष शिरीष गुप्ता का नाम भी प्रस्तावित किया गया लेकिन उन्होने स्वयं ही संजय जायसवाल के नाम का समर्थन करके अध्यक्ष चुने जाने का रास्ता साफ कर दिया। इसके बाद महासमिति के प्रधान संरक्षक दिनेश चन्द्र सिन्हा ने श्री जायसवाल के अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की तो उपस्थित लोगों के तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैरिज हाल गूंज उठा।
नवनियुक्त अध्यक्ष संजय जायसवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि भरत मिलाप की शोभा चौकियों से है लेकिन इलाहाबाद से आने वाली चौकियां इस बार फूलपुर में रास्ता बाधित होने से आने में समस्या हो सकती है। ऐसे में चौकी समितियों के पदाधिकारियों को अभी से पहल शुरू करनी होगी तथा लम्बी दूरी के परिवर्तित रास्ते से उन्हें लाने के लिये तैयार करना होगा।
इस अवसर पर संरक्षक मण्डल के सदस्य अवधेश गुप्ता, दामोदर प्रसाद,  जगदीश ऊमर वैश्य, गुलाब चन्द्र अग्रहरि के अलावा भोलाशंकर, लाल बहादुर सेठ, सुभाष जायसवाल, शिवकुमार अग्रहरि, राकेश जायसवाल सहित तमाम गणमान्य लोग उपस्थित थे। चुनाव कार्यक्रम का संचालन राजेश ऊमर वैश्य ने किया। अन्त में नवचयनित अध्यक्ष संजय जायसवाल ने समस्त आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।