जौनपुर। महराजगंज थाना क्षेत्र के लमहन गांव के पास बुधवार को दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने प्राइवेट फाइनंस कंपनी के कर्मचारी से असलहे के बल पर 80 हजार रुपये लूट लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी छानबीन की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग सका।
भदोही जिले के गोपीगंज निवासी उदय प्रताप बिंद वैदिक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी हैं। कंपनी गांव गांव में महिलाओं व पुरुष सदस्यों का समूह बनाकर उनसे अल्प बचत के तौर पर रुपये जमा कराती है। कंपनी के फील्ड वर्कर उदय प्रताप बुधवार को रामनगर उपधान गांव में महिला समूह की सदस्यों से पैसे वसूलकर बाइक से बदलापुर की ओर लौट रहे थे।
दोपहर करीब डेढ़ बजे वह महराजगंज थाना क्षेत्र के लमहन गांव के पास पहुंचे थे तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर उदय प्रताप की बाइक को रोक लिया। बाइक के पीछे बैठा बदमाश फील्ड वर्कर का बैग छीनने लगा।
विरोध करने पर उसने कर्मचारी की कनपटी पर असलहा सटा दिया। असलहे के बल पर रुपयों से भरा बैग छीनकर बदलापुर की ओर फरार हो गए। पीडि़त ने बताया कि बैग में 80 हजार रुपये थे। पीडि़त ने ङघटना की सूचना पुलिस कंट्रोल को दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने वायरलेस के जरिए आस पास के थाने की पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी। बदलापुर थाने की पुलिस ने चौराहे पर नाकेबंदी कराकर छानबीन की लेकिन बदमाशों का पता नहीं चला।
सीओ बदलापुर सौम्या पांडेय का कहना है कि पीडि़त ने पुलिस को तहरीर दी है। बदमाशों की खोजबीन की जा रही है। जल्द ही लूट के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।